उदयपुर। आगामी 15 अगस्त को उदयपुर के गांधी ग्राउंड में होने वाले स्वाधीनता दिवस समारोह में इस बार एयर क्राफ्ट का प्रदर्शन खास आकर्षण होगा। उदयपुर के जिला कलेक्टर आशुतोष पेंढणेकर ने रविवार को तैयारियों का जायजा लिया व समारोह को आकर्षक बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे एयरविंग के अधिकारियों से बातचीत कर एयर क्राफ्ट प्रदर्शन की तैयारी शुरू करावें। कलेक्टर ने एडीएम सिटी मोहम्मद यासिन पठान से अब तक की तैयारियों की जानकारी भी ली।
उन्होंने स्वाधीनता आंदोलन में योगदान देने वाले स्वाधीनता सेनानियों को शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित करने के एडीएम को निर्देश दिए। इस दौरान एसपी महेश गोयल, एडीएम (प्रशासन) नारायण सिंह, नगर निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ, तहसीलदार भगवान दास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एन. बैरवा व अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। इधर विभिन्न टुकडिय़ों ने रविवार को गांधी ग्राउंड में परेड रिहर्सल की।
राजकीय भवनों पर होगी रोशनी :
कलेक्टर ने 14 व 15 अगस्त को नगर निगम व नगर विकास प्रन्यास को राजकीय भवनों, ऐतिहासिक इमारतों, दरवाजों एवं उद्यानों पर आकर्षक रोशनी करने के निर्देश दिए।